स्मार्ट तरीके से पढ़ो – कम समय में ज्यादा स्कोर करो।
घंटों पढ़ाई करते हो, रात भर जागते हो, फिर भी रिजल्ट में वो नंबर नहीं आते जो तुम चाहते हो। और मन करता है – “मैं इतनी मेहनत करता हूं फिर भी क्यों?” रुको। गलती तुम्हारी मेहनत में नहीं है। गलती है “तरीके” में।
सच बताऊं? सफलता ज्यादा पढ़ने से नहीं, सही तरीके से पढ़ने से मिलती है।
आज मैं तुम्हें 10 ऐसी ट्रिक्स बताऊंगी जो मेरी स्टूडेंट्स ने अपनाई और 60% वाले 90% पर पहुंच गए। बिना टेंशन, बिना रात भर जागे।
शुरू करते हैं।
स्मार्ट स्टडी की ट्रिक्स
1. पहले टार्गेट तय करो, फिर पढ़ाई शुरू करो
बिना नक्शे के सफर करोगे तो भटक जाओगे ना?
वही हाल पढ़ाई का है।
कुर्सी पर बैठने से पहले खुद से पूछो –
- “आज मुझे क्या निपटाना है?”
- “विज्ञान का चैप्टर 4”
- “मैथ के 30 सवाल”
छोटा-छोटा टार्गेट बनाओ। जैसे ही पूरा होगा, दिमाग में “वाह मैंने कर दिया” वाली फीलिंग आएगी। और यही फीलिंग तुम्हें आगे धकेलेगी।
2. रोज थोड़ा-थोड़ा पढ़ो – लास्ट मोमेंट वाला काम नहीं
मुझे पता है, 90% बच्चे यही करते हैं। पूरे साल मस्ती और एग्जाम से 10 दिन पहले बुक खोलते हैं। फिर तनाव, फिर रोना।
बेटा ऐसा मत करो।
रोज 1.5 – 2 घंटे पक्के। चाहे कुछ भी हो जाए।
रोज का थोड़ा-थोड़ा, एग्जाम के समय में तुम्हारे लिए वरदान बन जाएगा। तब सिर्फ रिवीजन करना पड़ेगा, नया नहीं पढ़ना पड़ेगा।
3. अपना टाइम-टेबल खुद बनाओ
दूसरों का कॉपी मत करो।
सुबह तुम फ्रेश रहते हो या रात को? उसी हिसाब से कठिन विषय रखो।
मेरा फॉर्मूला: 50 मिनट पढ़ाई + 10 मिनट ब्रेक
ब्रेक में फोन मत चलाना। पानी पियो, टहलो, स्ट्रेच करो।
और हां, हफ्ते में एक दिन सिर्फ रिवीजन के लिए रखो।
4. रट्टा मारना बंद करो, समझना शुरू करो
किताब के लाइन याद कर लेने से नंबर नहीं आते।
पेपर में सवाल घुमा कर पूछते हैं।
कोई भी टॉपिक पढ़ो तो खुद से पूछो – “ये हुआ क्यों?” “इसका असली मतलब क्या है?”
उदाहरण अपने दिमाग से बनाओ। दोस्त को समझाकर देखो।
जिस दिन तुम किसी को समझा पाओगे, समझ जाओ वो चीज तुम्हें रट गई।
5. अपनी खुद की नोटबुक बनाओ
टीचर जो लिखवाती हैं वो मत उतारो।
अपने शब्दों में, छोटे-छोटे पॉइंट्स में नोट्स बनाओ। डायग्राम बनाओ, कलर पेन यूज करो।
विश्वास करो, एग्जाम से पहले यही 15-20 पेज की कॉपी तुम्हें 300 पेज की किताब से ज्यादा काम आएगी।
6. रिवीजन – यही है पासवर्ड
दिमाग ऐसा है कि जो आज पढ़ोगे वो 3 दिन में आधा भूल जाओगे।
इसलिए रिवीजन जरूरी है।
तीन बार वाला नियम याद रखो:
- पहली बार आज
- दूसरी बार 3 दिन बाद
- तीसरी बार 15 दिन बाद
जो चीज 3 बार रिवाइज हो गई, वो एग्जाम में अपने आप निकल जाएगी।
7. पुराने पेपर – टॉपर का सीक्रेट हथियार
पढ़ाई के साथ प्रैक्टिस भी जरूरी है।
पिछले 5 साल के पेपर उठाओ और टाइम लगा कर हल करो।
इससे 2 फायदा:
- पता चल जाएगा पेपर कैसे आता है।
- लिखने की स्पीड बढ़ जाएगी।
गलतियां होंगी तो डरना मत। गलतियां ही तो सिखाएंगी।
8. शरीर ठीक रहेगा तो दिमाग चलेगा
3-4 घंटे सोकर पढ़ाई करोगे तो 2 घंटे बाद सब भूल जाओगे।
7 घंटे नींद जरूरी है।
सुबह उठकर 10 मिनट टहल लो। जंक फूड कम खाओ, पानी ज्यादा पियो।
थका हुआ दिमाग कभी टॉप नहीं कर सकता।
9. फोन और निगेटिविटी को दूर रखो
पढ़ते समय फोन पास में होगा तो हर 5 मिनट में नोटिफिकेशन आएगा।
बेहतर है पढ़ाई के समय फोन दूसरे कमरे में रख दो।
और ये “मैं नहीं कर पाऊंगा” वाला डायलॉग बंद करो।
“मैं कर लूंगा” बोलो। क्योंकि दिमाग वही मानता है जो तुम उससे बुलवाते हो।
10. सबसे जरूरी – खुद पर भरोसा रखो
अगर टेस्ट में कम नंबर आए तो रोना नहीं है।
गलती ढूंढो, सुधारो और आगे बढ़ो।
अपनी तुलना शर्मा जी के बेटे से मत करो।
तुम अपनी रेस खुद लड़ रहे हो। और तुम जीतोगे, ये पक्का है।
आखिरी बात
टॉपर कोई एलियन नहीं होते। वो भी तुम जैसे ही हैं। बस फर्क इतना है कि वो मेहनत के साथ “स्मार्ट वर्क” भी करते हैं। आज इन्हीं 10 में से 2-3 पॉइंट उठाओ और लागू करो। 21 दिन करो। आदत बन जाएगी। याद रखना – “सही दिशा में की गई थोड़ी मेहनत, गलत दिशा में की गई ज्यादा मेहनत से बेहतर है।”
परीक्षा आएगी, जाएगी। पर जो आदतें तुम आज बनाओगे वो जिंदगी भर काम आएंगी। तो डरो मत। प्लान बनाओ। लग जाओ।
रिजल्ट खुद बोलेगा।
ब्लॉग लेखन :
डॉ. मीनाक्षी शर्मा
सहायक आचार्या, शिक्षा विभाग
बियानी गर्ल्स बी.एड.कॉलेज, जयपुर
